पिथौरागढ़। दस सालों की जद्दोजहद के बाद ग्रामसभा बलुवाकोट के ग्राम कांडा के लिए सड़क कटी। इसके बाद भी गांव तक वाहन नहीं पहुंच सके हैं। सात किलोमीटर सड़क बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया। ऐसे में पिछले तीन साल से ग्रामीण दुश्वारियां झेलते हुए गांव तक सड़क पहुंचने की राह देख रहे हैं। कांडा गांव के ग्रामीणों की सड़क के अभाव में गांव तक गाड़ियां पहुंचने की उम्मीद दम तोड़ रही है। सड़क के अभाव में ग्रामीण खासी परेशानी झेल रहे हैं। चोटी पर बसे कांडा गांव तक महज सात किलोमीटर कच्ची सड़क की मंजूरी और निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए क्षेत्रवासियों को करीब 10 साल तक संघर्ष करना पड़ा। सड़क कटनी शुरू हुई तो उम्मीद जगी कि गांव तक वाहन पहुंचेंगे और उनकी आवाजाही सुगम हो पाएगी।
तीन साल से सड़क निर्माण बंद होने से ग्रामीण परेशान हैं। रोजमर्रा के काम के लिए ग्रामीण बलुवाकोट बाजार तक किसी तरह आना जाना कर लेते हैं। किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए डोली ही सहारा है। ग्रामीण नरोत्तम भट्ट और टिकेंद्र भट्ट ने बताया कि सड़क के अभाव में उनके लिए स्वास्थ्य सेवा हासिल करना चुनौती है। इन हालात में लोग गांव से पलायन कर रहे हैं।