पिथौरागढ़। नन्ही परी सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज में बीसीए में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान में बीसीए में 22 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस सत्र में 60 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
इंजीनियरिंग कॉलेज में बीसीए पिछले शिक्षा सत्र से ही शुरू किया गया है। इसमें विद्यार्थियों को 60 सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। प्रवेश के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। इस प्री-रजिस्ट्रेशन के बाद मई के अंत में विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर प्रवेश दिया जाएगा। बीसीए में गणित विषय के साथ जीव विज्ञान के छात्र-छात्राओं को भी प्रवेश दिया जाएगा।
वर्तमान में कॉलेज में 350 विद्यार्थी बीटेक, बीसीए और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कॉलेज में पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को बीसीए में सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश शुल्क 52,500 रुपये है। विद्यार्थियों को प्रति सेमेस्टर प्रवेश शुल्क देना होता है।
विद्यार्थियों को दी जाती है छात्रवृत्ति
सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों को फीस में छूट देने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। एससी के विद्यार्थियों को पूर्ण फीस शुल्क छात्रवृत्ति के माध्यम से प्राप्त होती है। वहीं ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और एसटी के विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति दी जाती है।
कोट
इंजीनियरिंग कॉलेज में बीसीए में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इस शिक्षा सत्र में 60 सीटों पर पूर्ण प्रवेश देने का लक्ष्य है। कॉलेज में विद्यार्थियों को सभी प्रकार से बेहतर शिक्षा प्रदान की जाती है। - डॉ. अजीत सिंह, निदेशक, इंजीनियरिंग कॉलेज