पिथौरागढ़। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट में पहली बार रिक्त सीटों को भरने के लिए 7,8,9,11वीं कक्षा में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश होंगे। इसके लिए पार्श्व परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
नवोदय विद्यालय में नए सत्र में कक्षा छह में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विद्यालय में कक्षा छह में 60 सीटें स्वीकृत हैं। पहली वरीयता सूची के आधार पर 30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। अब कक्षा छह में 30 सीटें रिक्त हैं। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक रिक्त सीटों को भरने के लिए पार्श्व परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश देंगे। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश नहीं लिए जाने पर प्रतीक्षा सूची से अभ्यर्थी का चयन कर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों को पार्श्व परीक्षा के वरीयता सूची के आधार पर ही प्रवेश दिए जाएंगे। वर्तमान में विद्यालय में 171 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
इनसेट-
120 क्षमता के छात्रावास में रह रहे 171 विद्यार्थी
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में एक ही छात्रावास है। इसकी क्षमता 120 विद्यार्थियों की हैं। वर्तमान में 120 क्षमता के छात्रावास में 171 विद्यार्थी रह रहे हैं। अब विद्यालय में नए प्रवेश होंगे तो विद्यार्थियों के रहने के लिए उचित व्यवस्था नहीं हो सकेगी। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक विद्यालय के छात्रावास में जगह नहीं होने से रामनगर से दूसरी वेटिंग सूची नहीं मंगाई गई। पार्श्व प्रवेश के माध्यम से और नए प्रवेश होंगे तो विद्यार्थियों को एक ही छात्रावास में रखना काफी मुश्किल होगा।
इनसेट कोट-
विद्यालय में एक ही छात्रावास में विद्यार्थियों को डबल डेकर व्यवस्था में रखा जा रहा है। प्रवेश होने पर विद्यार्थियों के रहने की उचित व्यवस्था नहीं हो सकेगी। -त्रिभुवन वर्मा, प्रभारी प्रधानाचार्य, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट।