धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत जिले में शुरुआती बारिश आफत मचाने लगी है। भारी बारिश के दौरान बोल्डर गिरने से आदि कैलाश यात्रा मार्ग बंद रहा। सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन और आदि कैलाश यात्री फंसे रहे। बमुश्किल बोल्डर हटाकर करीब एक घंटा बाद आवाजाही सुचारु कराई गई।
सोमवार शाम करीब तीन बजे भारी बारिश के दौरान आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर मलघाट के पास पहाड़ी से बोल्डर गिर गए। इससे यात्रा मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई और सड़क के दोनों तरफ वाहन और आदि कैलाश यात्री फंस गए। सूचना पर बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची लेकिन भारी बारिश के बीच बोल्डरों को हटाना चुनौती बना। करीब एक घंटे बाद बारिश थमी तो बोल्डर हटाकर आवाजाही सुचारु कराई जा सकी।
फंसे वाहन और यात्री गंतव्य को रवाना हुए इससे सभी ने राहत की सांस ली। आदि कैलाश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रवेश नबियाल ने बताया की बूंदी से आगे भी भारी बारिश हो रही है जिससे पर्यटकों और आदि कैलाश यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।