एसडीएम, होम स्टे, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
व्यास घाटी के उच्च हिमालयी गांवों में हिमपात की संभावना और बढ़ती ठंड को देखते हुए एसडीएम मंजीत सिंह ने सुरक्षा एजेंसियों, टूर ऑपरेटर, होम स्टे संचालक और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा को लेकर इनर लाइन परमिट को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान 15 नवंबर से यात्रा को बंद करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम मंजीत सिंह ने बताया कि हिमपात की संभावना को देखते हुए इनर लाइन परमिट 15 नवंबर के बाद जारी नहीं किए जाएंगे। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल भी बंद कर दिया जाएगा। बैठक में व्यास टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रवेश नबियाल, कोषाध्यक्ष आशीष गर्ब्याल, छिपलाकेदार टैक्सी यूनियन अध्यक्ष केशर सिंह धामी, टूर आपरेटर पुनीत कुटियाल, अश्वनी नपलच्याल, एसआई मेघा शर्मा सहित आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे।
31,000 यात्रियों ने किए आदि कैलाश के दर्शन
इस साल 31,000 यात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन किए। 6000 यात्री दारमा घाटी स्थित पंचाचूली ग्लेशियर के दर्शन करने पहुंचे। दो दिन पूर्व यात्रा कर लौटे चंपावत निवासी चंद्रमोहन भट्ट, हल्द्वानी निवासी संजय अधिकारी, रमेश चंद ने बताया कि उन्हें आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन बेहतरीन ढंग से हुए। उन्होंने यात्रा को अद्भुत और मन को काफी सुकून देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि तवाघाट से मालपा, लामारी और गुंजी से ओम पर्वत सड़क पर अभी सुधार की आवश्यकता है। कहा कि सड़क सुधार होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकेगी।