धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रा के लिए 20 से अधिक आदि कैलाश यात्री यहां पहुंच चुके हैं। वह सड़क खुलने और मौसम के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने इनर लाइन पास 10 सितंबर के बाद जारी करने की बात कही है।
आदि कैलाश यात्रा को संचालित करने के लिए एसडीएम मंजीत सिंह ने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि इस समय लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मलबा और बोल्डर गिरने से सड़क बाधित हो रही है।
उन्होंने कहा कि मौसम के येलो अलर्ट के कारण 10 सितंबर के बाद ही इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे। बता दें कि सोमवार तक 20 से अधिक आदि कैलाश यात्री यहां पहुंच चुके हैं। वह सड़क खुलने और मौसम के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।
एसडीएम ने सभी टूर ऑपरेटर और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वह मौसम के अलर्ट के अनुसार ही यात्रियों की बुकिंग लें।
बैठक में लोगों ने व्यास घाटी के आपदाग्रस्त सड़क पर शीघ्र सुधारीकरण की मांग उठाई है।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, आदि कैलाश टैक्सी ऑनर्स सोसायटी के अध्यक्ष प्रवेश सिंह नबियाल, टूर आपरेटर अश्वनी नपलच्याल, पुनीत कुटियाल, नगेंद्र कुटियाल, केएमवीएन टीआरसी के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट आदि रहे।