धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश मंदिर समिति ने आदि कैलाश यात्रा के लिए एसडीएम के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
शनिवार को आदि कैलाश मंदिर समिति के शिष्टमंडल ने एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला से मुलाकात कर आदि कैलाश यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों के समाधान पर चर्चा की। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह कुटियाल ने आदि कैलाश ज्योलीकांग में दर्शनार्थियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल व्यवस्था और शौचालय निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि दर्शनार्थियों को एक सेटेलाइट फोन उपलब्ध कराया जाए। इससे यात्रा की स्थिति और उनकी सलामती की खबर मिलती रहे।
ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी ने पेयजल और शौचालय के लिए बीएडीएपी से राशि उपलब्ध कराने पर सहमति दी। एसडीएम शुक्ला ने आदि कैलाश, ओम पर्वत, सिंगलापास, लिंपियाधुरा और ओल्ड-लिपु जाने के लिए इनरलाइन परमिट जल्द जारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समस्याओं का शीघ्र ही समाधान किया जाएगा। बैठक में प्रधान कुटी धर्मेंद्र कुमार, गुंजी सुरेश गुंज्याल, समिति के उपाध्यक्ष नगेंद्र कुटियाल, सचिव हरीश कुटियाल, कोषाध्यक्ष सुभाष कुटियाल, महामंत्री पुनीत कुटियाल मौजूद रहे।