धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रा ने नया रिकाॅर्ड बनाया है। इस बार 31,558 यात्री आदि कैलाश दर्शन के लिए पहुंचे, जो पिछले वर्ष की अपेक्षा 2,206 अधिक हैं।
आदि कैलाश यात्रा 30 मई से शुरू हुई थी। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्तूबर तक देश के विभिन्न हिस्सों से 31,558 यात्रियों ने आदि कैलाश के दर्शन किए हैं। एसडीएम धारचूला जितेंद्र वर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष 29,352 यात्री आदि कैलाश दर्शन के लिए पहुंचे।
बता दें कि दो साल पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश पहुंचने पर इस धाम को अधिक प्रसिद्धि मिली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और दिग्गज नेता आदि कैलाश पहुंचे। यात्रियों की संख्या बढ़ने से स्थानीय लोगों के रोजगार में भी इजाफा हुआ है। एसडीएम पिथौरागढ़ जितेंद्र वर्मा ने बताया कि शनिवार को 130 परमिट जारी हुए। संवाद