स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में एकेडमी ने छह पदक जीते
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़। जसपाल राणा शूटिंग रेंज देहरादून में 17 से 24 अगस्त तक हुई 16वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में बुल्स आई शूटिंग एकेडमी चंडाक के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने दो स्वर्ण, दो रजत, दो कांस्य पदक जीत कर शूटिंग के क्षेत्र में पिथौरागढ़ का डंका बजाया। एकेडमी के तीन खिलाड़ियों का नॉर्थ जोन चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। शूटिंग में कई पदक दिला चुके एकेडमी के संचालक/कोच ने सरकार और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं।
शूटिंग कोच मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग महिला 50 मीटर स्पोर्ट्स राइफल में रांथी धारचूला निवासी गंगोत्री बोहरा ने स्वर्ण पदक जीता। सीनियर वर्ग ट्रैप शूटिंग में नितिन विश्वकर्मा (राज्य कर अधिकारी) ने स्वर्ण पदक जीता। कासनी निवासी ललित बिष्ट ने सीनियर वर्ग 50 मीटर स्पोर्ट्स राइफल में रजत, शिक्षा विभाग में कार्यरत जयप्रकाश आर्या ने सीनियर वर्ग 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल में रजत पदक जीता। लुंठ्यूड़ा निवासी राहुल महर, नगर निवासी गिरीश पाटनी ने 50 मीटर स्पोर्ट्स राइफल में कांस्य पदक हासिल किया।
जोशी ने बताया कि एकेडमी के नीरज जोशी, हरीश चंद्र, राहुल वल्दिया का चयन नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दो साल में जिले को कई पदक दिलाने वाली शूटिंग एकेडमी को सरकारी मदद नहीं मिल सकी। कोच जोशी ने बयान में कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को मदद नहीं मिल पा रही है। कई प्रयासों के बाद भी खिलाड़ियों को आर्थिक मदद नहीं मिल सकी। पिछले वर्ष एकेडमी की यशस्वी जोशी ने राज्य स्तरीय 10, 25 मीटर शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता था।