सड़क निर्माण की मांग को लेकर गंगोलीहाट तहसील में प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
अग्रोन बैंड से आंवलाघाट तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम तुषार सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में सड़क नहीं बनने पर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया है।
इन लोगों ने कहा कि सड़क का कार्य वर्ष 2004 से लंबित पड़ा है। 17 किमी सड़क में से 6 किमी में पीएमजीएसवाई डिविजन ने निविदा लगा दी है। अनुबंध भी हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। एक जनवरी तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोग आंदोलन छेड़ देंगे।
कहा कि सड़क नहीं बनने से रामगंगा घाटी से जुड़े इलाके के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन लोगों के उत्पादों को बाजार नहीं मिल रहा है। सड़क तक आने में 7 से 10 किमी पैदल चलना पड़ता है। प्रदर्शन में चिटगल के प्रधान चंद्रशेखर पंत, खुलेत की प्रधान हेमा देवी, पाली के प्रधान कैलाश राम, पाली के सरपंच गोपाल राम, कांग्रेस नेता मुकेश रावल आदि थे।