अस्कोट के बगड़ीहाट में आंधी से उड़ी पावर ग्रिड की कंपनी केपीटीएल के टिन शेड।
- फोटो : पिथौरागढ़
दो दिन पूर्व रात को आई तेज आंधी ने पावर ग्रिड कंपनी के केपीटीएल के टिन शेडों को ध्वस्त कर दिया। टिन शेडों के ध्वस्त होने से ठेकेदार को लाखों रुपये के नुकसान का अंदेशा है।
शुक्रवार रात को करीब नौ बजे क्षेत्र में तेज आंधी चली। इस आंधी ने पावर ग्रिड निर्माण के लिए कार्य कर रही कंपनी केपीटीएल के लिए बनाए जा रहे टिन शेडों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। करीब तीन हजार स्क्वायर मीटर में मशीन, जनरेटर, पोल आदि के रखरखाव के लिए बनाए जा रहे शेड तबाह हो गए। शनिवार को जब ठेकेदार दिवाकर पांगती मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने केपीटीएल कंपनी के अधिकारियों के साथ ही अस्कोट पुलिस और राजस्व पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना पर पुलिस, पटवारी सूर्यप्रकाश पांडेय, शहबान अली मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पटवारी पांडेय ने बताया कि नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अश्विनी कुमार ने बताया कि टिन शेड बनाने का कार्य उनकी देखरेख में हो रहा था। कार्य पूरा हो गया था। उन्होंने अंदेशा जताया है कि ठेकेदार को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ठेकेदार पांगती ने कंपनी से इंश्योरेंस दिलाने की मांग की है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।