पिथौरागढ़। जाखपुरान सड़क पर थरकोट, बालाकोट के पास रोड़ी से भरे टिप्पर ने बाइक युवक किशोर को रौंद दिया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टायरों के नीचे आने से युवक का सिर कुचल गया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से मकर संक्रांति के उल्लास के बीच पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने टिप्पर चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुरान निवासी विकास (18) पुत्र राजेंद्र प्रसाद जीआईसी शैलकुमारी में 11वीं का छात्र था। इन दिनों पड़ी जाड़ों की छुट्टी में हर रोज जिम के लिए जिला मुख्यालय आता था। मंगलवार सुबह भी वह जिला मुख्यालय से बाइक से घर लौट रहा था। थरकोट, बालाकोट के पास विपरीत दिखा से आ रहे रोड़ी से भरे टिप्पर (यूके 05 सीए 1928) ने उसे बाइक सहित रौंद दिया। टायरों से उसका सिर कुचल गया और वह करीब 20 मीटर दूर तक टिप्पर के साथ घिसटता चला गया।
हादसे में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर के कई अंग क्षत-विक्षत हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। टिप्पर चालक चंपावत निवासी कोमल सिंह रावत को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। युवक की मौत से मां बदहवास है तो पिता और छोटे भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हेलमेट भी नहीं बचा सका विकास को
पुलिस के मुताबिक, विकास हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा था। जब वह टिप्पर के टायरों की चपेट में आया तो हेलमेट सहित उसका सिर कुचल गया। हादसा इतना भयानक था कि हेलमेट भी उसकी जान बचाने में नाकाम साबित हुआ और चूर-चूर हो गया।
दूसरों को फिट रहने के लिए करता था जागरूक
पुरान निवासी विकास हर रोज जिम जाता था। खुद को फिट रखने के लिए जिम में कसरत करने के साथ ही वह अन्य युवाओं को भी जरूरी टिप्स देता था। इंस्टाग्राम पर वह दूसरों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक करता था। बुधवार सुबह परिजन जिम से उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे लेकिन उन्हें उसकी मौत की खबर मिली।
कोट
टिप्पर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। चालक को हिरासत में लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। - गोविंद बल्लभ जोशी, सीओ, पिथौरागढ़
तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहन ले रहे जान, जिम्मेदार बने अनजान
पिथौरागढ़। तमाम अभियानों और चालानी कार्रवाई के बाद भी सीमांत जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहनों पर लगाम नहीं लग पा रही है। तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहन लोगों की जान ले रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अनजान बने हैं। चार महीने के भीतर वाहनों की रफ्तार तीन लोगों की जान ले चुकी है।
जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहन बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। करीब चार महीने पूर्व नगर के गुप्ता तिराहे के पास एक टिप्पर ने बैंक कर्मी की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। घटना में बैंक कर्मी की मौके पर ही जान चली गई थी। बीते वर्ष अक्तूबर महीने में ही बिण सड़क पर जाखनी के पास तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार सैनिक की मौत हो गई थी।
दो महीने पूर्व जाखनी के पास अज्ञात कार की टक्कर से अपने भाई के घर से लौट रहे आईटीबीपी के जवान की जान चली गई थी। हालांकि कुछ दिनों बाद कार चालक गिरफ्तार कर लिया गया था। अब फिर से इसी तरह की दर्दनाक घटना सामने आई है जिसमें एक युवक को असमय काल के गाल में समाना पड़ा है। अधिकांश घटनाओं में वाहनों की तेज रफ्तार ही मौत का कारण बनी।