वतन को तीजम से जोड़ने वाले पुल बनने के बाद स्कूल जाते बच्चे। स्रोत : ग्रामीण
धारचूला (पिथौरागढ़)। तल्ला दारमा घाटी के ग्राम पंचायत उमचिया में बादल फटने से बहे दोनों पुलों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। बीती आठ जुलाई की रात्रि में तीफू बुग्याल से आने वाली नेगल गाड़ का जल स्तर बढ़ने से पीएमजीएसवाई का मोटर पुल और पीडब्ल्यूडी का वतन को तीजम गांव से जोड़ने वाला लकड़ी का पुल बह गया था। इससे स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानियां हो रही थी। साथ ही कई परिवार भी प्रभावित हो गए थे।
ग्रामीणों के मुताबिक प्रशासन के निर्देश पर पीएमजीएसवाई ने मोटर पुल के पास एक अस्थायी लकड़ी के पुल का निर्माण कार्य कुछ दिन पहले किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग ने भी बुधवार की शाम को वतन को तीजम गांव से जोड़ने वाले अस्थायी लकड़ी का पुल बना दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बिष्ट ने बताया कि दोनों विभागों ने फिलहाल लकड़ी के पुल बनाए हैं। स्कूली बच्चे विद्यालय आवाजाही कर रहे हैं। ग्रामीणों को भी आवाजाही में राहत मिल रही है। दोनों पुलों का निर्माण कार्य पूरा होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन और विभाग का आभार व्यक्त किया है। संवाद
वर्जन-
वतन और तीजम में लगभग 9.50 लाख रुपए की लागत से लकड़ी का पुल बना दिया गया है। ग्रामीणों को लिए आवाजाही भी शुरू हो गई है। - आशीष लुंठी, एई लोक निर्माण विभाग धारचूला।