संवाद न्यूज ऐजेंसी झूलाघाट(पिथौरागढ़)। लाँक डाउन के दौरान सस्ता गल्ला राशन की कालाबाजारी करते एक दुकानदार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। मूनाकोट ब्लाॅक के सिरकुच में एक व्यक्ति कई दिनों से सरकारी सस्ते गल्ले के राशन की कालाबाजारी करने की सूचना पुलिस को मिली थी। बुधवार देर शाम एसओजी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने पुष्कर चंद की दुकान में छापा मारा। दुकान से छः बोरे चावल और एक बोरा गेहूॅ का बरामद किया गया है। व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के साथ ही अन्य धाराओं मेें मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एसआई संजय कुमार ने बताया युवक को गिरफ्तार कर झूलाघाट पुलिस को सौप दिया है। टीम में एसओजी प्रभारी हेमचंद्र तिवारी, सहायक खाद्य अधिकारी चित्रा रौतेला, कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, अनिल मर्तोलिया, अशोक सिंह, और बलवंत सिंह मौजूद रहे।