पिथौरागढ़। नगर के कुजौली और पांडेगांव में तेंदुए की धमक से लोगों में दहशत है। रविवार को तेंदुआ शाम करीब छह बजे ही कुजौली में धमक गया। इससे क्षेत्र के लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हुए।
आबादी वाले इन इलाकों में तेंदुआ पिछले 10 दिन से सक्रिय है। क्षेत्रवासी निशीद उप्रेती और विजयवर्धन ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे तेंदुआ कुजौली गांव में पानी की टंकी के पास दिखा। इसके बाद क्षेत्र की गलियों में नजर आया, जिससे दहशत और बढ़ गई।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है। डर के मारे लोग शाम होते ही घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि शाम करीब सात बजे तेंदुआ गधेरा पार कर कुजौली से लगे जीआईसी रोड क्षेत्र में आ धमका।
निशीद उप्रेती ने बताया कि तेंदुआ लंबे समय तक उनके आंगन में दुबका रहा। आसपास के लोगों ने फोन से एक-दूसरे को तेंदुए की जानकारी दी। ऐसे में क्षेत्र के कई युवाओं ने लाठी-डंडे लेकर समूह में तेंदुए को खोजा और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने गश्त की लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया।
............
कुजौली क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। विभाग की टीम गश्त भी कर रही है। रविवार शाम बारिश अधिक होने से संभवत: लोगों की आवाजाही कम रही और तेंदुआ जल्दी सक्रिय हो गया। -दिनेश जोशी, रेंजर, पिथौरागढ़