पिथौरागढ़। सीमांत जिले के साथ प्रदेश को बिजली आपूर्ति करने वाली धौलीगंगा विद्युत परियोजना की हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे टनकपुर-धारचूला हाईवे पर डामरीकरण करने के लिए लगाए गए हॉटमिक्स प्लांट से खतरा बढ़ गया है। पावर ग्रिड के अनुसार प्लांट से निकलने वाले धुएं से लाइन में कार्बन जमा हुआ तो ग्रिड फेल हो सकता है। वहीं स्पार्क हुआ तो लाइन टूटने से बड़ी घटना भी हो सकती है। यदि ग्रिड फेल हुआ तो पिथौरागढ़, सितारगंज और यूपी के बरेली पावर स्टेशन से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली गुल हो सकती है। पावर ग्रिड ने एसडीएम को पत्र भेजकर इस गंभीर मामले में उचित कार्रवाई करने का सुझाव दिया है।
दरअसल, टनकपुर-धारचूला हाईवे पर हॉटमिक्स का काम शुरू हुआ है। हॉटमिक्स डामर तैयार करने के लिए बीआरओ ने बगड़ीहाट में सीमांत जिले के साथ ही पूरे प्रदेश में बिजली आपूर्ति करने वाली धौलीगंगा विद्युत परियोजना की 220 केवीए लाइन के ठीक नीचे प्लांट स्थापित किया है। पावर ग्रिड के मुताबिक हर रोज प्लांट से निकलने वाला शुद्ध कार्बन हाईटेंशन लाइन में जमा हो रहा है। कार्बन के जमाव से लाइन के कंडक्टर और इंसुलेटर पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
इससे फ्लैशओवर, लाइन ट्रिपिंग और ग्रिड फेल होने की आशंका है। यदि ग्रिड फेल हुआ तो पिथौरागढ़, सितारगंज और यूपी के बरेली पावर स्टेशन से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली गुल हो सकती है और इससे करीब पांच से छह लाख की आबादी प्रभावित हो सकती है। पावर ग्रिड प्रबंधन के मुताबिक बगैर अनुमति के ही इतनी बड़ी हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे हॉटमिक्स प्लांट लगाना खतरे से खाली नहीं है। पावर ग्रिड के मुख्य प्रबंधक अवनीश कुमार ने एसडीएम को पत्र भेजकर इस गंभीर समस्या का उचित समाधान करने को कहा है।
कॉर्बन जमा होने से हो सकता है स्पार्क, टूट सकती है लाइन
पावर ग्रिड के मुताबिक, कार्बन हाईटेंशन लाइन के लिए बड़ा खतरा है। कॉर्बन जमा होने से लाइन में स्पार्क हो सकता है। यदि बड़ा स्पार्क हुआ तो लाइन भी टूट सकती है। ऐसे में साफ है कि यदि लाइन टूटी तो 220 केवीए का करंट बड़े क्षेत्र में फैलेगा जो बड़ी घटना का कारण बन सकता है। बता दें कि, इस विद्युत परियोजना की लाइन कई गांवों और घनी आबादी के ऊपर से होकर गुजर रही है। पावर ग्रिड का साफ तौर पर कहना है कि यदि हाईटेंशन लाइन टूटी तो इससे बड़ी जनहानि की प्रबल आशंका है।
कोट
विद्युत परियोजना की लाइन के ठीक नीचे बगैर अनुमति के हॉटमिक्स प्लांट लगाया गया है इससे लाइन में कार्बन जमा होने लगा है। कॉर्बन जमा होने से ग्रिड फेल होने से के साथ लाइन भी टूट सकती है जो बड़ी घटना का कारण बनेगा। - अवनीश कुमार, मुख्य प्रबंधक, पावर ग्रिड, बगड़ीहाट पावर हाउस
तहसीलदार और खान अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही टीम मौके पर पहुंचेगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - खुशबू पांडे, एसडीएम, डीडीहाट