लोहाघाट (चंपावत)। गोरखा नगर में आयोजित दस दिवसीय मां दुर्गा महोत्सव के तहत पंचमी पर बृहस्पतिवार शाम भव्य झांकी निकाली गई। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, गोविंद बोहरा और जीवन गहतोड़ी ने संयुक्त रूप से झांकी का शुभारंभ किया। दुर्गा महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष राजू सार्की और कार्यकारी अध्यक्ष शेखर सिंह के दिशा-निर्देशन में निकली झांकी गोरखा नगर से मीना बाजार, शीतला माता मंदिर, स्टेशन बाजार और खड़ी बाजार होते हुए वापस आयोजन स्थल पहुंची। झांकी में नन्ही बालिकाएं कलश लेकर चल रही थीं जबकि सैकड़ों महिला-पुरुष मां के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर छोलिया नर्तकों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
महोत्सव में खेलकूद, सांस्कृतिक और शैक्षिक प्रतियोगिताओं के साथ रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन में उपाध्यक्ष सचिन गोरखा सहित अजय गोरखा, शिवम, सुमित, शरद, हरीश और अन्नू गोरखा ने सहयोग किया।