धावकों के वाहन पर गिरा बोल्डर। स्रोत : सूचना विभाग
पिथौरागढ़। आदि कैलाश में आयोजित अल्ट्रा मैराथन में शामिल होकर लौट रहे धावकों की जीप पर बोल्डर गिर गया। घटना में चालक सहित दो घायल हो गए। दोनों का सीएचसी धारचूला में इलाज चल रहा है। संयोग से बोल्डर जीप के अगले हिस्से में गिरा इससे बड़ी घटना होने से बच गई।
जानकारी के मुताबिक, आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित अल्ट्रा मैराथन में भाग लेकर धावक जीप यूके 04 टीए 4379 से लौट रहे थे। इसी बीच नजंग के पास पहाड़ी से विशाल बोल्डर जीप के अगले हिस्से में गिर गया। वाहन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 5 लोग देहरादून के निवासी हैं।
बोल्डर गिरने से ग्वाल-गांव निवासी चालक मदन सिंह रोकाया को गंभीर चोट, जबकि पिथौरागढ़ टकाना निवासी कैलाश चंद्र पुनेठा के सिर में चोट लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पांग्ला से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत स्थिर है और इनका इलाज चल रहा है। सीओ केएस रावत ने बताया कि अन्य धावक सुरक्षित हैं। पीछे से आ रहे वाहनों से उन्हें रिस्कयू कर धारचूला पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, यदि बोल्डर वाहन के ऊपर गिरता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। संवाद