घाट-पिथौरागढ़ हाईवे पर बोल्डर गिरने से क्षतिग्रस्त कार। स्रोत:पुलिस विभाग।
पिथौरागढ़। मानसूनकाल में ऑलवेदर सड़क पर घाट-पिथौरागढ़ के बीच आवागमन करना खतरे भरा हो गया है। हाईवे पर पहाड़ी से अचानक बोल्डरों के गिरने से टनकपुर से पिथौरागढ़ आ रही टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई। दरवाजे पिचकने से चालक सहित पांच यात्री कार में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल सभी को कार से सुरक्षित निकाला और सभी की जान बाल-बाल बच गई।
पुलिस के मुताबिक, घाट-पिथौरागढ़ ऑलवेदर सड़क पर रविवार सुबह घाट चौकी से 100 मीटर दूर अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिर गए। टनकपुर से पिथौरागढ़ आ रही टैक्सी (यूके 05 टीए 4021) बोल्डरों की चपेट में आ गई। सड़क पर बोल्डर गिरने से टैक्सी आगे नहीं बढ़ सकी और चालक रियांशी निवासी ललित सिंह सहित पांच लोग वाहन में फंस गए। शीशे तोड़कर बोल्डर कार के भीतर भी घुस गए।
दरवाजे पिचकने से चालक और यात्रियों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल सभी को कार से बाहर निकाला। घटना में चालक और यात्रियों को हल्की चोट आई जिन्हें अन्य वाहन से जिला मुख्यालय भेजा गया। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। मानसूनकाल में हाईवे पर पहाड़ी दरकने का सिलसिला जारी है। ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए।