सिप्टी न्याय पंचायत क्षेत्र के कई गांवों में भालू ने उत्पात मचाया हुआ है। सरकारी सस्ता गल्ला दुकान से 50 किलों का बौरा 100 मीटर दूर खेत में पहुंचा दिया। चक्की का दरवाजा तोड़कर गेहूं का 40 किलो का थैला पता ही नहीं है। ओखलढुंगा में चक्की का पट्टा भी तोड़ दिया। चार गांव के लोग भालू से इतना परेशान हो गए हैं कि अब रतजगा कर रहे हैं। वन विभाग से भालू से निजात दिलाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश जोशी शूल ने बताया कि घुड़चम, बुड़खेत, ओखलढुंगा, मिर्तोला आदि गांवों के लोग एक सप्ताह से भालू के उत्पात से परेशान हैं। लोगों ने बताया कि भालू 31 जनवरी से अब तक कई जगह नुकसान पहुंचा चुका है। घुड़चम की चक्की का दरवाजा तोड़ गेहूं का 40 किलो का थैला ले उड़ा। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से गेहूं का एक 50 किलो का बोरा करीब 100 मीटर दूर खेत में पहुंचा दिया। बुड़ाखेत में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दीवान सिंह की चक्की को नुकसान पहुंचाया। ओखलढुंगा में चक्की का पट्टा भी तोड़ दिया। बुड़ाखेत गांव में घराट चक्की से एक गेहूं का थैला फेंक दिया। भालू के निशाने में यहां का स्कूल भी आया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के चावल का नुकसान भी किया।
भालू से परेशान ग्रामीण अब रतजगा कर रहे हैं। पूर्व ग्राम प्रधान गंगा दत्त, हरीश जोशी, आनदेव, महेश, दिनेश, सुरेश कांडपाल, भुवन, पानदेव आदि ने वन विभाग को ज्ञापन भेज भालू से निजात दिलाने की मांग की है।
......................................
सिप्टी न्याय पंचायत क्षेत्र में भालू के उत्पात की जानकारी विभाग को नहीं है। मामले का संज्ञान लेकर वन महकमा बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।
एमएस सिरोही उप प्रभागीय वनाधिकारी, चंपावत।