पिथौरागढ़। नगर में अब पालीथिन के कैरियर बैग पूरी तरह बंद हो गए हैं। यह दावा उद्योग व्यापार मंडल ने भी किया है। सब्जी और फल विक्रेता अब कागज की थैलियों का ही प्रयोग करने लगे हैं। एक अपील यह भी की गई है कि लोग असुविधा से बचने के लिए घर से कपड़े का झोला लेकर आएं तो व्यापारी और ग्राहक दोनों को सुविधा होगी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद कुमाऊं के कुछ शहरों में पालीथिन की थैलियां रखने वालों से अर्थदंड वसूले जाने से यहां के व्यापारियों और आम लोगों पर खुद ही असर पड़ गया। पिछले एक सप्ताह से यहां पालीथिन की थैलियों का प्रचलन बंद होने लग गया था। अब दुकानों से पालीथिन के कैरियर बैग पूरी तरह गायब हो गए हैं। व्यापारी लोगों को संदेश भी दे रहे हैं और पालीथिन मांगकर शर्मिंदा ना करें जैसे शब्दों का प्रयोग भी करने लगे हैं। नगरपालिका ने भी अपनी ओर से पालीथिन पर रोक के लिए कदम उठाया है। पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने कहा है कि प्रशासन इसके लिए जो भी कदम उठाएगा उसमें सहयोग किया जाएगा। उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य ने कहा कि यदि अभी भी पालीथिन की थैलियों का प्रयोग हुआ तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नैनीताल और हल्द्वानी की तरह ही अर्थदंड वसूला जाएगा।