पिथौरागढ़। घाट के नजदीक राड़ीखूटी गांव में खनन के लिए अवैध रूप से सड़क का निर्माण करने की भनक लगते ही शनिवार देर शाम बड़ी संख्या में लोग विरोध पर उतर आए। लोगों ने सड़क के निर्माण में लगी जेसीबी को रोक दिया और प्रशासन को इसकी सूचना दी। बताया कि पहले राड़ीखूटी में केएमवीएन के पास खनन का काम था। इस बीच निगम की खनन अवधि समाप्त होते ही कुछ खननकर्ता सक्रिय हो गए। एक व्यक्ति ने शनिवार देर शाम राड़ीखूटी तक सड़क बनाने के लिए जेसीबी लगा दी।
राड़ीखूटी, भल्या और उपरतोला गांव के लोगों ने सड़क बनाने का विरोध किया। लोगों ने पहले जिलाधिकारी एचसी सेमवाल को मामले की जानकारी दी, लेकिन डीएम अवकाश पर थे। इसके बाद लोगों ने एसडीएम अनुराग आर्य को जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। बाद में लोगों ने अपर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा को मामले की जानकारी दी। एसपी ने कहा कि यह क्षेत्र राजस्व पुलिस क्षेत्र में आता है। अलबत्ता अपर जिलाधिकारी ने राजस्व पुलिस की टीम को मौके पर भेजना का आश्वासन दिया है। ग्राम प्रधान भूपाल चंद ने कहा है कि यदि राड़ीखूटी में खनन किया गया तो क्षेत्र के लोग जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना देंगे। फिलहाल लोगों ने सड़क के निर्माण का काम रोक दिया है और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।