पिथौरागढ़। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कालेज परिसर में सफाई की है। चुनाव प्रचार के दौरान कालेज परिसर में जमा कचरे को इन छात्र नेताओं ने साफ किया और अन्य विद्यार्थियों से अपील की कि विद्या के इस मंदिर को स्वच्छ बनाने में सहयोग दें। आर्यन छात्र संगठन ने भी जिलाध्यक्ष सागर खत्री के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया।
छात्रसंघ महासचिव राकेश धामी और उपाध्यक्ष इमेश सामंत ने अपना कामकाज शुरू करने से पहले कालेज में सफाई का अभियान चलाया। इस अभियान में अन्य साथियों को भी जोड़ा। पिछले दिनों चुनाव प्रचार के समय कालेज में पर्चियां, कागज के पन्ने बिखर गए थे। इससे कालेज की स्वच्छता पर असर पड़ा। महासचिव धामी और उपाध्यक्ष सामंत ने कहा कि इस समय पूरे देश में सफाई के प्रति जागरूकता चल रही है।
सफाई अभियान में चंचल सिंह बोरा, अभिषेक मिश्रा, आयुष मेहरा, लोकेश भट्ट, भुवन भट्ट, जितेंद्र कन्याल, भूपेंद्र गोस्वामी आदि शामिल हुए। प्राचार्य डा. डीएस पांगती और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. अजय शुक्ल ने छात्रसंघ पदाधिकारियों की इस पहल का स्वागत किया। नए छात्रसंघ से रचनात्मक कार्यों की अपेक्षा है। आर्यन छात्र संगठन के सदस्यों ने कालेज में लगी मूर्तियों और प्रतिमाओं की सफाई की। इस मौके पर छात्रनेता कमलेश वल्दिया, हरीश रावत, प्रयाग राज, नीरज सौन, फलक बिष्ट, उमेश जोशी, हरीश महरा, परिचय जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमित चंद, एनएसयूआई उपाध्यक्ष दीपक वर्मा आदि थे।