पिथौरागढ़। डीडीहाट और विण की टीम जिला स्तरीय जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में डीडीहाट ने मूनाकोट की टीम को छह विकेट से पराजित किया।
खेल विभाग के आयोजन में खेल स्टेडियम में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल डीडीहाट और मूनाकोट की टीम के बीच खेला गया। मूनाकोट की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 20 ओवर के मैच में मूनाकोट की टीम 17 ओवर में सभी विकेट खोकर केवल 74 रन ही बना सकी। मूनाकोट की ओर से मोहित ने 17, नरेंद्र ने 11 रन बनाए। डीडीहाट के लक्ष्मण और मोहसिन ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी डीडीहाट की टीम ने 10 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डीडीहाट की ओर से मुकेश ने 37, भूपेश ने 19 रन बनाए। मूनाकोट की ओर से संदीप ने दो, नरेंद्र ने एक विकेट लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में विण ने पहले खेलते हुए 179 रन बनाए। मुनस्यारी की टीम 100 रन ही बना सकी। विण के जीवन ने 80 रनों की शानदार पारी खेली, किशन ने भी 35 रनों का योगदान दिया। मैच के निर्णायक राम बोहरा, प्रवीन मुडेला, स्कोरर विपिन भाट थे। आंखों देखा हाल राहुल चंद ने सुनाया। इससे पहले पुलिस अधीक्षक अभिसूचना अमित श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि विशेष अभिसूचना अधिकारी प्रयाग सिंह कफलिया ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरूआत कराई। जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने अतिथियों के साथ ही सहयोगियों का आभार जताया।