मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंत्रिमंडल में फेरबदल की किसी भी संभावना से इंकार किया है। उन्होंने कहा है कि फिलहाल मंत्रिमंडल में कोई फेरबदल नहीं होगा। इस विषय में पार्टी हाईकमान ही अंतिम फैसला करेगा।
पत्रकारों के एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि धारचूला, मुनस्यारी में यारसागंबू के विपणन के लिए कारगर नीति बनाई जा रही है। संबंधित वन पंचायतों को यारसागंबू विपणन के अधिकार दिए जा रहे हैं। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर योजना तैयार की जा रही है। धारचूला, मुनस्यारी की सड़कों को दुरुस्त बनाने के लिए संबंधित महकमों को तीन महीने का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत की सड़कों को इतना बेहतर बनाया जाए कि पर्यटन व्यवसायियों को भी इससे लाभ मिले। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद विधानसभा क्षेत्र में न आ पाने पर खेद जताया। उन्होंने बताया कि डाक्टरों ने उन्हें तीन किमी से अधिक वाहन में सफर न करने की हिदायत दी है। स्वास्थ्य कारणों से वे जनता के बीच नहीं आ पाए, जिसका उन्हें मलाल है। दीपावली के बाद वे दोबारा धारचूला और मुनस्यारी का भ्रमण करेंगे।