पिथौरागढ़। बिजली विभाग की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को बिना कारण अपराह्न तीन बजे से दो घंटे की कटौती कर दी। जिले में हो रही अघोषित कटौती का मुद्दा बृहस्पतिवार को मुनस्यारी दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री के सामने उठने वाला है।
जिले में कल मंगलवार तक कटौती सुबह 11 बजे से की जा रही थी, लेकिन आज अचानक इसका समय बदल दिया गया और अपराह्न तीन बजे से दो घंटे की कटौती कर दी गई। बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि कटौती नियंत्रण कक्ष से की जा रही है। अधिकारियों को यह भी पता है कि यहां से पांच किलोमीटर दूर चंडाक में बनाए गए पावर ग्रिड के सब स्टेशन में धौलीगंगा परियोजना की बिजली 24 घंटे मिलती है इसके बावजूद कटौती क्यों की जाती है इसका उनके पास कोई जवाब नहीं होता। विद्युत उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने कहा कि नियंत्रण कक्ष का आदेश मानना पड़ता है।
इधर, धारचूला के पूर्व विधायक हरीश धामी ने जिले में रोज हो रही बिजली कटौती के मुद्दे पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा है कि यदि स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की मनमानी सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पावर ग्रिड के सब स्टेशन में सप्लाई जारी रहने के बावजूद कटौती करना घोर अन्याय है। इस तरह की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी।