पिथौरागढ़। जिले के विभिन्न विकासखंडों में स्वीकृत 13 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। भवनों के निर्माण के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
जिलाधिकारी एचसी सेमवाल की अध्यक्षता में हुई आंगनबाड़ी भवन निर्माण समिति की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जया पंत ने कहा कि शीघ्र ही ग्राम पंचायत के खातों में धनराशि डाल दी जाएगी। सबसे अधिक 5-5 आंगनबाड़ी भवन धारचूला और मुनस्यारी ब्लाक में बनाए जाने हैं। इसके अवाला गंगोलीहाट में दो और मूनाकोट में एक भवन प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि दो भवनों के लिए 2012-13 में पांच लाख और 11 भवनों के लिए 2013-14 में 4.5 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि भवनों के निर्माण के लिए मनरेगा से दो-दो लाख रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। धनराशि जल्द ग्राम पंचायत के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में जिला स्तर के तमाम अधिकारी मौजूद थे।