पिथौरागढ़। नगर के कुछ हिस्सों में पानी का संकट गहराने लगा है। हालांकि जल संस्थान का कहना है कि पानी की लाइन टूटने से यह समस्या पैदा हो रही है। जल संस्थान ने आज बैंक रोड तथा अन्य इलाकों में टैंकरों से पानी का वितरण किया।
गर्मी का मौसम आते ही नगर क्षेत्र में पेयजल की समस्या गहराने लगती है। इधर, जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पानी की लिफ्टिंग तो सही तरीके से हो रही है लेकिन कुछ इलाकों में लाइनों में गड़बड़ी आने से दिक्कत पैदा हो रही है। घंटाकरण, लुंठ्यूड़ा, सेरा इलाके में आज पानी नहीं के बराबर हुई। जल संस्थान ने ज्यादा समस्याग्रस्त इलाकों में टैंकरों से पानी का वितरण शुरू किया है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता वीके मिश्रा ने बताया कि लाइन टूटने से एक हिस्से में सप्लाई प्रभावित हुई है। ऐसे इलाकों में टैंकरों से पानी दिया जा रहा है।
इधर, नगर की आबादी बढ़ जाने से पानी की खपत बढ़ रही है। नगर में रोजाना 11 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है लेकिन इस समय मात्र 6 लाख लीटर पानी रोजाना मिल पा रहा है। इसी कारण नगर के लिए नई पेयजल योजना की मांग की जा रही है। शासन ने आंवलाघाट से लिफ्ट पेयजल योजना की तो मंजूरी दे दी है। आचार संहिता के कारण इसमें काम शुरू नहीं हो पाया है।