पिथौरागढ़। भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा के शासनकाल में स्वीकृत जनहित के कार्यों को रोककर विकास विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। दो वर्ष के कार्यकाल में सरकार कोई भी जनहित का काम शुरू नहीं करा पाई है। जिले की बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य समस्याओं के विरोध में अब भाजपा व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। जिसकी शुरुआत तीन जनवरी को बिजली दफ्तर में तालाबंदी से की जाएगी।
अपने आवास में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कांग्रेस पहले बेस अस्पताल पर राजनीति कर रही थी और अब नर्सिंग कालेज का विरोध कर जनहित के कार्यों को रोकने का काम कर रही है। बिजली लाइन के चंडाक स्थित सब स्टेशन से जुड़ने के बाद भी बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमांत इंजीनियरिंग कालेज के लिए जनवरी 2012 में भूमि हस्तांतरित होने के बाद भी कांग्रेस सरकार निर्माण शुरू नहीं करा पाई है।
भाजपा कार्यकाल में स्वीकृत आठ पंपिंग पेजजल योजनाओं के लिए 75.70 करोड़ की डीपीआर तैयार होने के बाद सरकार ने नामंजूर कर दिया है। आंवलाघाट पेयजल योजना में पुनर्गठन के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकाल में स्वीकृत सड़कों का कार्य भी रोकने का काम किया है।