डीडीहाट। एसएसबी की 11वीं बटालियन को प्रशासनिक कामकाज में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। एसएसबी की देशभर में स्थित 65 बटालियनों का पिछले दिनों विभिन्न स्तरों पर मूल्यांकन किया गया था। 11वीं बटालियन के प्रभारी सेनानायक एसडी शेरखाने ने बताया कि मूल्यांकन के समय अधिकारियों और जवानों के बीच तालमेल, आम जनता के साथ बटालियन के अफसरों और जवानों का व्यवहार, सामाजिक गतिविधियों में बटालियन की सक्रियता, सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के संपादन आदि को आधार माना गया। उन्होंने बताया कि एसएसबी के स्थापना दिवस पर 17 दिसंबर को महानिदेशक की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।