पिथौरागढ़। लोनिवि द्वारा कटा जा रही सड़क के दौरान मेलढुंगरी ग्राम पंचायत की पेयजल योजना उखाड़ दी। पानी की किल्लत से ग्रामीण लंबी दूरी तय कर पानी ढोने को मजबूर हैं। नाराज लोगों ने कई बार पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। पर कोई नतीजा नहीं निकला। अब फिर गांव के लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
निर्माणाधीन जाख-रामेश्वर मोटर मार्ग ने मेलढुंगरी ग्राम पंचायत के तमाम गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित की है। सड़क कटिंग के दौरान यहां की पेयजल लाइन कई जगह ध्वस्त हो गई। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने पिछले साल जुलाई से कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अफसरों से इसे दुरुस्त करने की गुहार लगाई। लेकिन व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी। और गांव के लोगों को पेयजल के लिए 400 मीटर से डेढ़ किलोमीटर दूर गाड़-गधेरों की शरण जाना पड़ रहा है। हरिदत्त, मोती राम, पीतांबर जोशी, गोविंद बल्लभ, शेखर जोशी, रमेश जोशी आदि ग्रामीणों ने पेयजल लाइन को अविलंब ठीक करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी गई है।