थल। पुंगराऊं घाटी एकता मंच का आंदोलन बदस्तूर जारी है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते फिलहाल सुलह की कोई राह भी नहीं दिख रही है। वहीं एकता मंच के लोग सोमवार को सांसद, विधायक समेत तमाम जन प्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ करेंगे।
एलोपैथिक अस्पताल, मोटर मार्ग, गैस एजेंसी, पांखू में पुलिस चौकी खोलने समेत एक दर्जन मांगों को लेकर पुंगराऊ घाटी एकता मंच पांच अप्रैल से आंदोलन कर रहा है। घाजरी, घसाड़, डाडल, सेरखाना, ओड्यूरा गांव के लोगों ने रविवार को भी धरना दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश जोशी, देवीदत्त पाठक, गोविंद सिंह महरा, नारायण सिंह महरा, पुष्कर कुमार, हयात राम, बिजेंद्र कार्की, खीमानंद जोशी, बहादुर राम क्रमिक अनशन में बैठे।
पुंगराऊ घाटी एकता मंच के अध्यक्ष दिनेश कुमार, महासचिव दीपक कार्की, उपाध्यक्ष अर्जुन रावत, गिरीश जोशी, चंद्र सिंह रावत, देवेंद्र वर्मा, मोहन पाठक, नंदन सिंह सूरकाली, गोपाल सिंह, प्रमोद कार्की, राजेंद्र सिंह पठकोरा आदि ने कहा कि आंदोलन के बावजूद प्रशासन और जन प्रतिनिधि अनदेखी पर आमादा है। इससे लोगों में गहरी नाराजगी है। कहा कि घाटी के ये तमाम इलाके विकास की राह देखते थक गए हैं। और उनका सब्र का बांध टूट रहा है। मंच ने सार्थक नतीजे से पहले आंदोलन वापस नहीं लेने का ऐलान किया है।