बेरीनाग/नाचनी। तहसील के पीपलतड़ क्षेत्र में एक सप्ताह से गुलदार का आतंक छाया है। एक सप्ताह के भीतर गुलदार ने चार जानवरों को अपना निवाला बना लिया है। जबकि एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। उधर नाचनी के समकोट में गुलदार ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंगोरा गांव की बसंती देवी पत्नी महेश बोरा सोमवार देर शाम घर के नजदीक खेत में काम कर रही थी। तभी गुलदार ने घात लगाकर महिला पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोगों के वहां पहुंचते ही गुलदार भाग गया। गुलदार के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। परिजनों ने महिला को जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
गुलदार ने एक सप्ताह के भीतर पीपलतड़ गांव के त्रिलोक राम की गाय, बटला गांव के गोविंद राम के बैल, इंद्र राम की दो बकरियों को मौत के घाट उतार दिया है। ताजा घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई है। ग्राम प्रधान सुशीला देवी और सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कार्की ने प्रशासन से राहत उपलब्ध कराने और आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। इधर, वन क्षेत्राधिकारी लवराज पांगती ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नाचनी। ग्राम पंचायत समकोट में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा देवी (35) अपनी बकरियों की तलाश में जंगल जा रही थी। तभी घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद हीरा देवी, भवानी देवी, प्रताप सिंह, महिपाल सिंह, पूरन सिंह ने गुलदार बमुश्किल भगाया। ग्राम प्रधान धरम राम ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग का ज्ञापन वन विभाग को भेजा है।