जौलजीबी। जौलजीबी मेले का तीसरा दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं के नाम रहा। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में धारचूला ब्लाक ने पहला स्थान प्राप्त किया। बृहस्पतिवार की रात ज्वालेश्वर सांस्कृतिक पार्टी जौलजीबी के कलाकारों ने कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेले के तीसरे दिन हुई ताइक्वांडो प्रतियोगिता का उद्घाटन उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने किया। ताइक्वांडो फेडरेशन के प्रशिक्षक धरम सिंह बिष्ट के मागदर्शन में प्रतिभागियों ने अलग-अलग भार वर्ग में मुकाबलों में भाग लिया। जिसमें धारचूला ने पहला, पिथौरागढ़ ने दूसरा और डीडीहाट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेलाधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता को संपन्न कराने में लक्ष्मण सिंह बिष्ट, शंकरदत्त भट्ट, करन सिंह थापा, गणेश सिंह मर्तोलिया, बहादुर सिंह और कुंवर ने विशेष सहयोग दिया। गायत्री विद्या मंदिर धारचूला, रं कम्युनिटी धारचूला, सरस्वती शिशु मंदिर धारचूला, प्राथमिक विद्यालय जौलजीबी के कलाकारों ने भी कई रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। इससे पूर्व बृहस्पतिवार की रात को ज्वालेश्वर सांस्कृतिक पार्टी की टीम ने कुमाऊंनी, गढ़वाली और नेपाली गीतों पर कई कार्यक्रम पेश किए।