जौलजीबी/धारचूला। काली एवं गोरी नदी के संगम स्थल जौलजीबी में लगे व्यापारिक मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। बुधवार की रात स्थानीय नागरिकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जमकर लुत्फ उठाया। साथ ही मेले के दूसरे दिन लोगों ने खूब खरीददारी भी की। सरकारी स्टालों पर भी भारी भीड़ उमड़ी।
सुरेश प्रसाद सुरीला एंड पार्टी के गीत दर्शकों को देर रात तक बांधने में कामयाब रहे। विद्यालयी छात्रों ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। बुधवार की रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन विधायक हरीश धामी ने किया। जिलाधिकारी सीएमएस बिष्ट ने मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सुरेश प्रसाद सुरीला एंड पार्टी ने पहाड़ी गीतों पर कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
वड्डा जलेबी में मेरो मन लागी रो टकाटक गीत पर दर्शक झूम उठे। जीजीआईसी धारचूला, जीआईसी धारचूला, जीआईसी जौलजीबी और सरस्वती शिशु मंदिर जौलजीबी के बच्चों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली, हिंदी, पंजाबी गीतों पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने मेले के आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। बृहस्पतिवार को मेला स्थल पर लगाए गए स्टॉलों में भारी भीड़ देखने को मिली। अल्मोड़ा के तांबे के बर्तनों का स्टाल और जनजाति बुनकरों का स्टाल विशेष आकर्षक का केंद्र रहा। इसके अतिरिक्त बाल विकास परियोजना, कृषि विभाग, उरेडा, वन विभाग के स्टालों ने भी लोगों को आकर्षित किया। शाम चार बजे से सैंड वैली पब्लिक स्कूल बलुवाकोट, मांटेसरी पब्लिक स्कूल जौलजीबी के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुति दी।