बेरीनाग। तहसील मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की जबरदस्त किल्लत है। तहसील मुख्यालय में कई क्षेत्रों में पांच दिन बाद भी पेयजल नहीं मिल पा रहा है। लोग अपने खर्च से आठ-आठ किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बेरीनाग में बीते दो सप्ताह से पानी को लेकर मारामारी का आलम है। जवाहर चौक, ट्रेजरी लाइन, पुराना बाजार, चौक बाजार आदि इलाकों में पानी नहीं मिलने से लोगों में गुस्सा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सड़क के किनारे रहने वालों को तो टैंकर से पानी मिल रहा है लेकिन रोड से कटे इलाकों को ये सहूलियत भी नहीं मिल पा रही है। लोग रात में जागकर पानी की व्यवस्था को विवश हैं। जिला पंचायत सदस्य रेनुका धानिक ने सड़क से दूर रहने और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घोड़ों से पानी की व्यवस्था करने की विभाग से मांग की है। जल संस्थान का कहना है कि विद्युत कटौती के कारण पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। अलबत्ता विभाग पानी की व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास कर रहा है।