टनकपुर (चंपावत)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में अब छात्राओं के महिला हॉस्टल बनकर तैयार हो गया है। इसमें 66 बेड सीएम घोषणा और 32 बेड तकनीकी संस्थान की ओर से बनाए गए हैं।
इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्राओं के लिए सुरक्षित हॉस्टल न होने से अन्यत्र छात्राओं को रहकर तकनीकी शिक्षा के लिए कॉलेज आना पड़ रहा था। इसे मुख्यमंत्री धामी ने गंभीरता से लिया था और 5.75 करोड़ का 66 बेड हॉस्टल बनाने की घोषणा की। अब कॉलेज में हॉस्टल का निर्माण पूरा हो गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. हरद्वारी लाल मंडोरिया ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा अब उपलब्ध हो गई है।
इससे उनको सुरक्षित महिला छात्रावास के निर्माण से सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों से आकर तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को सीधे तौर पर बड़ा लाभ पहुंचने लगा है। मुख्यमंत्री घोषणा से 66 बेड और वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से 1.39 करोड़ रुपये से 32 बेड का निर्माण हो गया है। अब कॉलेज के पास 98 बेड का महिला छात्रावास उपलब्ध है। इसमें छात्राएं अब रहकर तकनीकी शिक्षा हासिल करने लगी हैं।