पिथौरागढ़/चंपावत। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो जाएंगी। पिथौरागढ़ जिले में 9585 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे जबकि चंपावत में 5992 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले दिन मंगलवार को इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा होगी। पिथौरागढ़ जिले में इस बार चार नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
पिथौरागढ़ में बोर्ड परीक्षा के लिए 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल में 5231 और इंटरमीडिएट में 4627 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिथौरागढ़ में जीआईसी कनालीछीना को अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र और 29 केंद्र संवेदनशील बनाए गए हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इस बार जीआईसी नमजला, जीआईसी चौकोड़ी, जीआईसी दिग्तोली और जीआईसी लुम्ती नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एसडीएस जीआईसी को मुख्य संकलन केंद्र और जीजीआईसी डीडीहाट, जीआईसी दशाईथल को उप संकलन केंद्र बनाया गया है। संवेदनशील केंद्रों में परीक्षा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की जाएगी।
इधर चंपावत में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 76 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 11 केंद्र संवेदनशील हैं जबकि कोई भी केंद्र अतिसंवेदनशील की श्रेणी में नहीं रखा गया है। हाईस्कूल में 2995 और इंटर में 2997 संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। हाईस्कूल के 39 और इंटर के 37 परीक्षा केंद्र हैं।
परीक्षाएं शांतिपूर्ण कराए जाने के लिए 10 सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दलों की टीम गठित की गई है। दो सचल दलों की प्रत्येक टोली के साथ एक एसआई और कम से कम दो पुलिस कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। जिले में स्थापित परीक्षा नियंत्रण कक्ष के लिए वायरलेस स्थापित किए गए हैं।
कोट
बोर्ड परीक्षाओं की सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। विभाग शांति पूर्वक परीक्षा संपन्न कराने के लिए तैयार है। अच्छे परीक्षा परिणाम के लिए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं। - अशोक कुमार जुकरिया, सीईओ, पिथौरागढ़।
कोट
परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान शिक्षकों के मोबाइल और महिला शिक्षकों के बैग परीक्षा कक्ष में ले जाने पर रोक रहेगी। - मेहरबान सिंह, सीईओ, चंपावत।