बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही एक स्विफ्ट कार मकान के पिलर से टकरा गई। हादसे में स्रोत से पानी भर रहा नेपाली नागरिक घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
स्विफ्ट कार (यूके05बी-6472) के स्वामी विनोद सिंह निवासी डीडीहाट शनिवार सुबह धर्मेंद्र देउपा के साथ हल्द्वानी से आ रहे थे। नया बाजार में उनकी कार अनियंत्रित होकर गोविंद सिंह बोरा के मकान के पिलर से टकरा गई। इसकी चपेट में आकर वहां पानी भर रहा प्रकाश बोरा निवासी जाजकोट, नेपाल घायल हो गया। जब काफी देर तक वह पानी लेकर घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी मौके पर पहुंच गई।
उसने अपने पति को घायल देखा तो उसके होश उड़ गए। कार स्वामी और परिजन घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया कि घायल प्रकाश के सिर में चोट हो सकती है। वह बेहोशी की अवस्था में है। हादसे में धर्मेंद को मामूली चोट आई है।