पिथौरागढ़। शुक्रवार को पिथौरागढ़ में निर्वाचन कार्य में तैनात 792 मतदान अधिकारी प्रथम को निर्वाचन, ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक एसके खान मौजूद थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण अमरेंद्र कुमार चौधरी ने निर्वाचन संबंधी जानकारी दी। नोडल अधिकारी ईवीएम अखिलेश शर्मा ने कहा कि मतदान के दिन बूथ में मॉक पोल के पश्चात प्रत्याशियों के एजेंट को रिजल्ट दिखाकर मशीन को उन्हीं के सामने स्पष्ट करना आवश्यक है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल ने निर्वाचन संबंधी जानकारी दी।