पिथौरागढ़। डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि बीएससी द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर के अंकपत्र अब तक नहीं आए हैं। साथ ही सुधार परीक्षा देने के बावजूद अंकों में कोई परिवर्तन नहीं आया है। इससे विद्यार्थी परेशान हैं।
छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी के नेतृत्व में पिथौरागढ़ महाविद्यालय में एकत्र विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि जल्द इस दिक्कत को दूर नहीं किया गया तो विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में विरेंद्र कन्याल, सांस्कृतिक सचिव विनय भट्ट, मंटू वल्दिया, आयुश नेगी, गणेश दानू, अभिषेक बोरा आदि शामिल थे।