पिथौरागढ़। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से सीमावर्ती पिथौरागढ़ और चंपावत जिले की सेना भर्ती की औपचारिक घोषणा कर दी है। भर्ती 24 से 29 दिसंबर तक पिथौरागढ़ के जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में होगी।
भर्ती सोल्डर जीडी, सोल्जर नर्सिंग सहायक, तकनीकी, क्लर्क, एसकेटी और ट्रेडमैन के लिए होगी। भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण भारतीय सेना की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.ज्वाइनइंडियन आर्मी.एनआईसी.इन पर 25 अक्तूबर से आठ दिसंबर तक करवाना होगा। पंजीकरण ऑनलाइन के अलावा अन्य माध्यम से नहीं होगा। नौ दिसंबर के बाद अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर पाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होगी। सेना की ओर से अभ्यर्थियों को दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने के लिए आगाह किया गया है। रेस और भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में होगी। भर्ती के दौरान किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन वर्जित है। दौड़ के बाद अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी कि उन्होंने किसी प्रकार के नशीले पदार्थ का तो सेवन नहीं किया है। दोषी पाए जाने पर ऐसे अभ्यर्थियों को रैली से बाहर कर दिया जाएगा।