पिथौरागढ़। सीमांत यूथ मोर्चा (सीयूमो) ने क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सुध न लेने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंका। मोर्चा ने सांसद पर आपदा प्रभावितों के फोन न उठाने का भी आरोप लगाया है।
सीयूमो के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ग्वाल के नेतृत्व में सिमलगैर बाजार में एकत्र कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्वाल ने कहा कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। सांसद तो दूर उनके प्रतिनिधि तक फोन नहीं उठा रहे हैं। कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री को आपदा प्रभावितों के दुख दर्द से कोई लेनादेना नहीं है। सीयूमो के नगर अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि जब भी सांसद क्षेत्र में आएंगे, उनका विरोध किया जाएगा। जिला सचिव कैलाश कठायत, मुकेश कुमार, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, दीपक कुमार, विनय भाटिया, जितेंद्र कुमार, अजय लोहिया, दीपक, राहुल खत्री, मनोज, इमरान अली, नवीन शर्मा, सुरेश जोशी आदि ने विचार रखे।