पिथौरागढ़। माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं होनेे पर आक्रोश है। शिक्षकों ने अब 21 जुलाई से क्रमिक अनशन की चेतावनी दी है।
राजकीय शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक बुधवार को जिलाध्यक्ष गोविंद भंडारी के नेतृत्व में प्रभारी जिलाधिकारी वंदना से मिले और मुख्यमंत्री को संबोधित 18 सूत्री मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांग पत्र में शिक्षकों को एसीपी का लाभ देने, वेतन विसंगति दूर करने, स्थानांतरण एक्ट में संशोधन, तबादलों की सीमा रिक्तियों के सापेक्ष सौ प्रतिशत करने, तदर्थ और बेसिक से समायोजित शिक्षकों को पूर्व सेवाओं का लाभ देने, विद्यालयों के त्रुटि पूर्ण कोटिकरण में सुधार, पुरानी पेंशन बहाली, उप प्रधानाचार्यों के पद स्वीकृत करने, बोर्ड परीक्षाफल में कृपांक का लाभ देने, शारीरिक शिक्षा को विषय के रूप में शामिल करने जैसी मांगें उठाई है।
उन्होंने कहा कि यदि अब भी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह 21 जुलाई से क्रमिक अनशन पर बैठने को विवश होंगे। कहा कि इस क्रमिक अनशन में जिला और विकास खंडों के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के जिला मंत्री प्रवीण रावल, विक्रम दिगारी, मोहित बिष्ट, मनोज पांडेय, कमान धामी, संजय जोशी, गोविंद भट्ट, गंगा पंत आदि शामिल थे।