पिथौरागढ़। छात्रसंख्या कम होने के कारण पिथौरागढ़ जिले में तीन परीक्षा केंद्र इस बार समाप्त कर दिए गए हैं। मानक के अनुसार हर परीक्षा केंद्र में हाइस्कूल और इंटर के मिलाकर कुल 75 परीक्षार्थियों का होना जरूरी है, लेकिन राजकीय इंटर कॉलेज सिंगाली, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नमजला और राजकीय इंटर कॉलेज कोठेरा में परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या कम होने के कारण इन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है।
इन तीनों केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या 75 से कम है। तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र नजदीकी विद्यालय में रहेगा। इस बार जिले में एक नया परीक्षा केंद्र विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मुनस्यारी को बनाया गया है। संस्थागत परीक्षार्थियों के लिए स्वकेंद्र की व्यवस्था रहेगी। वह जिस विद्यालय में अध्ययन करते हैं, उसी विद्यालय में परीक्षा भी देंगे।
जिले में इस बार हाइस्कूल संस्थागत के 4032 बालक, 3887 बालिकाएं, इंटर संस्थागत के 3894 बालक और 3314 बालिकाएं परीक्षा देंगे। कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाइस्कूल और इंटर के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था के लिए जिले में कुल 12 सेक्टर बनाए जाएंगे। हर सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सिमल्टी ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
हाइस्कूल में सिर्फ 63 बालिकाएं देंगी प्राइवेट परीक्षा
हाइस्कूल में प्राइवेट तौर पर परीक्षा देने वाली बालिकाओं की संख्या मात्र 63 है, जबकि हाइस्कूल में 91 बालकों ने प्राइवेट परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसी तरह इंटर में 132 बालिकाएं और 244 बालक व्यक्तिगत तौर पर परीक्षा में शामिल होंगे। व्यक्तिगत परीक्षा भी संस्थागत परीक्षार्थियों के साथ ही होगी।
तीन सचल दल टीमों का गठन
बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तीन सचल दलों का गठन किया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सिमल्टी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एके गुंसाई और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) शौकत अली के नेतृत्व में यह टीमें परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। परीक्षा केंद्रों की चेकिंग का शेड्यूल एक दिन पहले तय होगा।
तीन संकलन केंद्र बनाए जाएंगे
बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए तीन केंद्र बनाए जाएंगे। जिला मुख्यालय में देवसिंह राजकीय इंटर कॉलेज में मुख्य संकलन केंद्र रहेगा। जीआईसी बेड़ीनाग और डीडीहाट में उपसंकलन केंद्र होंगे। इनमें आसपास के सभी परीक्षा केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा संपन्न होने के बाद जमा कर दी जाएंगी।