पिथौरागढ़। जिला फुटबाल संघ की ओर से आयोजित एवं नगरपालिका की ओर से प्रायोजित प्रथम चेयरमैन स्वर्गीय खीम सिंह सौन स्मृति चल बैजयंती फुटबाल प्रतियोगिता में एएफसी की टीम ने ग्रामीण बैंक की टीम को 2-1 से हराया।
दोनों ही टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मध्यांतर तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं। मध्यांतर के बाद ग्रामीण बैंक के योगेश ने टीम के लिए पहला गोल किया। इसके कुछ क्षणों बाद एएफसी के अशोक कालाकोटी ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। खेल के अंतिम क्षणों में एएफसी के तरुण महर ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी।
ग्रामीण बैंक की टीम ने बराबरी के लिए काफी संघर्ष किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। निर्णायक नवीन खत्री थे। आंखों देखा हाल महादेव भट्ट, मनोज चौहान, देवेंद्र बिष्ट ने सुनाया। इससे पहले मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। बुधवार को एएफसी और लेलू की टीम के बीच मुकाबला होगा।