कनालीछीना (पिथौरागढ़)। ग्राम प्रधान संगठन की ब्लॉक इकाई की बैठक में राज्य वित्त मद से आपदा किट के नाम पर 20,000 रुपये काटने का ग्राम प्रधानों ने विरोध किया है। ग्राम प्रधानों ने जबरन रकम काटने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को विकासखंड सभागार में संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष जानकी उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानों ने राज्य वित्त मद से रकम काटने का जबर्दस्त विरोध किया। कहा गया कि यदि ग्राम पंचायतों को आपदा किट खरीदनी ही होगी तो वह, लोग स्वयं खरीद लेंगे। जानकी उपाध्याय ने कहा कि पिछले साल भी राज्य वित्त मद से कंबल के नाम पर रकम काटी गई थी।
आरोप है कि जितनी रकम काटी गई, उतनी रकम का सामान ग्राम पंचायतों को नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद ग्राम प्रधानों ने इस संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन बीडीओ गंगा सिंह बिष्ट को सौंपा। बैठक में ग्राम प्रधान पार्वती देवी, चंपा देवी, उमा बिष्ट, बलवंत कुमार, शंकर राम, प्रयाग कुमार, सहनाज बेगम, हीरा देवी, बलवंत सिंह आदि थे।