तहसील के सेरा, सिरतोला, सिलिंग, खरतोली गांवों में वायरल से पीड़ित 85 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों गांवों में जाकर मरीजों को दवाइयां दी। साथ ही गांव में चिकित्सा कैंप लगाकर 254 मरीजों का इलाज किया। इन गांवों में एक हफ्ते से वायरल का प्रकोप फैला है। लोग बुखार, खांसी, उल्टी दस्त, एलर्जी से ग्रस्त मिले। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को इन गांवों को दौरा किया। टीम अपने साथ दवाइयां लेकर गई थी।
इस बार मौसम में परिवर्तन आने से वायरल का प्रकोप जल्दी फैल गया है। डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण किया और उनको खानपान में सावधानी बरतने के लिए कहा। डा. मनोज, डा. गोकर्ण, डा. केएस आंकोटी, डा. भूपेंद्र सिंह, फार्मेसिस्ट जितेंद्र ने बताया कि जिन लोगों को ज्यादा तकलीफ थी उनको दवा दे दी गई है। उन्होंने बताया कि चारों गांवों में 85 लोग वायरल से पीड़ित मिले। सावधानी के तौर पर सभी लोगों को दवाएं दी गई हैं। वन विकास निगम के अध्यक्ष धामी ने खुद भी गांवों का दौरा किया। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत, विधायक प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल, बृजेश धर्मशक्तू, नंदन सिंह, भगत सिंह आदि थे। डॉक्टरों का दावा है कि वायरल का प्रकोप अब नियंत्रित हो जाएगा। ज्यादा गंभीर मरीज कोई नहीं मिला।