पिथौरागढ़। सड़कों को खोदे जाने के प्रकरणों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित परियोजना समन्वय समिति ने डीडीहाट में पानी की लाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदने की अनुमति प्रदान की है।
बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में संपन्न समिति की बैठक में डीडीहाट नगर की सड़क में पेयजल लाइन बिछाए जाने पर चर्चा करते हुए पेयजल निगम डीडीहाट से प्राप्त प्रस्ताव को विभिन्न शर्तों के साथ मंजूरी दी गई। पेयजल निगम डीडीहाट के अधिशासी अभियंता बीके पाल ने अवगत कराया कि डीडीहाट पंपिंग पेयजल योजना के विभिन्न कार्य पूर्ण हो चुके हैं। नगर में लोनिवि की सड़क में 4.52 किमी पेयजल लाइन बिछाई जानी है।
जिलाधिकारी ने पेयजल निगम के ईई को निर्देश दिए कि सड़क खुदाई का कार्य तेजी से किया जाए। सड़क को अनावश्यक न खोदा जाए। खुदाई कार्य को योजनाबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि दोबारा सड़क की खुदाई न करनी पड़े । डीएम ने लोनिवि, डीडीहाट पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह किए जा रहे कार्य पर निगरानी रखने के साथ ही खुदाई कार्य पूर्ण होने के पश्चात तत्काल सड़क को ठीक करवाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, समिति के सचिव लोनिवि के अधीक्षण अभियंता वीएन पांडेय, ईई लोनिवि एके बर्मन, सुनील कुमार आदि मौजूद थे।