पिथौरागढ़। टकाना पितरौटा निवासी मोहन सिंह ने एक व्यक्ति पर सीवर का गंदा पानी उनके आवासीय परिसर में डालने का आरोप लगाया है। मोहन सिंह का कहना है कि सीवर का रिसाव होने से उनके परिवार के सदस्यों के साथ ही आसपास के लोग परेशान हैं।
कई बार कहने के बावजूद रिसाव को बंद नहीं किया जा रहा है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारी का खतरा बना हुआ है। मोहन सिंह का कहना है कि नगर पालिका के ईओ को भी मामले में शिकायत पत्र दिया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।